मौसम में इस सप्ताह बदलाव हो सकता है। विशेषज्ञों ने शनिवार-रविवार को हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इससे पहले बृहस्पतिवार-शुक्रवार को लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
पहाड़ी क्षेत्रों पर विक्षोभ के चलते मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में उतार-चढ़ाव ल गातार जारी है। मार्च केपहले दिन ही लोगों को तेज गर्मी का सामना कराना पड़ा।
विशेषज्ञों के अनुसार बृहस्पतिवार-शुक्रवार को गर्मी के चलते ज्यादा पसीना बहाना पड़ेगा। इसके साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों पर एक तेज पश्चिमी विक्षोभ आने का पूर्वानुमान है।
इसका असर मैदानी क्षेत्रों पर भी पड़ेगा। इससे शनिवार-रविवार को दिल्ली-एनसीआर सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
मंगलवार को तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बाद इसके 24 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का अनुमान है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज हवा और ओलावृष्टि भी हो सकती है। सीधे बारिश होने से गेहूं सहित सब्जियों की फसलों को लाभ होगा।