गुड़गांव के पुन्हना कस्बे के वार्ड 11 के छुट्टन लाल सैनी के बेटे जीतराम सैनी की पहली सालगिरह के दिन भी सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बुधवार रात पुन्हाना राजस्थान मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। घटना को लेकर इलाके में मातम का सा माहौल है।
बताते हैं कि बुधवार को जीतराम सैनी अपनी मोटरसाइकिल से राजस्थान के कामा से पुन्हाना वापस आ रहा था। इस बीच गांव गुरीरा गेतवाड़ी के समीप किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे जुरहेड़ा गांव के पीएचसी अस्पताल में पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 10 दिसंबर को जीतराम सैनी की शादी की पहली सालगिरह थी। पहली सालगिरह पर वह अपनी पत्नी को छोड़ने के लिए राजस्थान के कुम्हेर कस्बो के गांव झींजीपुर गया था।
शाम के समय अकेला मोटरसाइकिल पर वापस आ रहा था। रास्ते में उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना के बाद से उसके परिवार और ससुराल वालों का हाल बुरा है। वहीं, दूसरी तरफ पुनहाना की रामलीला कमेटी में जीतराम का अहम योगदान रहा है। वह पिछले छह वर्षों से रामलीलाओं में सीता का किरदार निभा रहा था। रामलीला कमेटी के प्रधान कमल प्रकाश सैनी ने बताया कि जीतराम के बिना रामलीला भी अब अधूरी रहेगी।