दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने केजरीवाल व आम आदमी पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए एक बड़ा दावा किया है। इस सिपाही का कहना है कि जिस दिन केजरीवाल पर इंक फेंका जाने वाला था उससे कुछ समय पहले ही केजरीवाल के पीए ने उसे स्टेज से नीचे उतरने को कह दिया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के अनुसार दिल्ली पुलिस के इस सिपाही ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को बताया है कि उसे तब स्टेज से उतरने को कहा गया था जब केजरीवाल डायस से भाषण देकर दिल्ली के लोगों का ऑड-ईवन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दे रहे थे।
सिपाही ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे सीएम के आसपास तैनात रहने के लिए कहा गया था। लेकिन सीएम के पीए ने उससे स्टेज से नीचे उतरने को कहा और नीचे मौजूद लोगों को ये हिदायत दी कि किसी भी वर्दीधारी को स्टेज पर न आने दिया जाए।
सिपाही के हटते ही केजरीवाल पर पड़ी स्याही
पीए द्वारा नीचे उतारे जाने के बाद वो सिपाही भी वहीं आकर खड़ा हो गया जहां अन्य दर्जनभर सिक्योरिटी गार्ड खड़े थे। उसके नीचे आने के कुछ ही देर बाद केजरीवाल पर भावना ने काली स्याही डाल दी थी।
दिल्ली के पुलिस कमिश्नर ने ये सारी बातें गृह मंत्री राजनाथ सिंह के सामने रख दी हैं और डिप्टी सीएम सिसोदिया के दावों को गलत बताया है।
गौरतलब है कि इंक फेंके जाने की घटना के बाद सिसोदिया ने कहा था कि केजरीवाल की सुरक्षा में जिस तरह की लापरवाही की गई उससे तो उनकी हत्या की जा सकती थी।
पहले भी कई बार सुरक्षाकर्मियों को हटा चुके हैं केजरीवाल
ये पहली बार नहीं है जब केजरीवाल पर सिपाहियों ने सिक्योरिटी हटाने का आरोप लगाया है। पहले भी कई बार केजरीवाल की सुरक्षा में लगे सिपाही ये शिकायत कर चुके हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री अपनी साथ आने से मना कर देते हैं।
पुलिस से मिली जानकारियों से ये बात सामने आती है कि केजरीवाल कई बार अपनी सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी को बिना बताए किसी भी अनजानी जगह चले जाते हैं जिसके बारे में उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मियों को नहीं पता होता है।
दिल्ली पु्लिस के सूत्र के अनुसार ये सभी डिटेल गृह मंत्री राजनाथ सिंह को बीएस बस्सी सोमवार की बैठक के दौरान दे चुके हैं। अपनी इस बैठक में बस्सी ने ये भी बताया कि कैसे केजरीवाल पर स्याही फेंकने वाली घटना हुई।
पुलिस कर रही है भावना से पूछताछ
दिल्ली पुलिस के सिपाही के इस बयान से रविवार को हुई स्याही फेंकने की घटना में एक नया मोड़ आ गया है। इसी को लेकर पुलिस स्याही फेंकने वाली महिला भावना अरोड़ा से पूछताछ कर रही है ताकि ये जाना जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई गहरी साजिश तो नहीं है।
एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजी गई भावना से पूछताछ की जा रही है कि क्या उन्हें ऐसा करने के लिए किसी ने भेजा था। इसके साथ ही उसके कॉल रिकॉर्ड्स भी जांचे जा रहे हैं ताकि पता चल सके कि वो किसके संपर्क में थी।
'केजरीवाल पर इंक फेंकना है उनके हत्या की साजिश'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने वाली घटना पर आम आदमी पार्टी ने प्रेस कांफ्रेस की। पार्टी ने इस घटना को शर्मनाक और गंभीर बताते हुए पुलिस द्वारा केजरीवाल की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
आप नेता आशुतोष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जेड सिक्योरिटी प्राप्त है। ऐसे में महिला केजरीवाल तक कैसे पहुंची। इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी तो पुलिस सतर्क क्यों नही थी।
उन्होंने कहा कि देश में एक के बाद एक आतंकी हमले और कई गंभीर घटनाएं होती रही है। जबकि कई नेताओं की हत्या भी हो चुकी है। ऐसे में जिस तरह से दिल्ली के सीएम के साथ ये घटना हुई, इसे देखकर लगता है कि कहीं न कहीं केजरीवाल की हत्या की साजिश भी हो सकती है।
आशुतोष ने कहा जो लड़की स्याही लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री के इतने पास पहुंच सकती थी वह लड़की उन पर तेजाब या बम भी फेंक सकती थी। इसे बेहद गंभीरता से लिए जाने की जरूरत है।