-यूफोरिया की धुनों से गूंजेगा सेंट्रल पार्क, इनर सर्किल रहेगा वाहन मुक्त
नई दिल्ली। कनॉट प्लेस का इनर सर्किल चार अक्तूबर को राहगिरी दिवस के दौरान वाहन मुक्त रहेगा। यहां कारों के बजाय साइकिलिंग, फिटनेस, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। सेंट्रल पार्क में रॉक बैंड यूफोरिया की लाइव प्रस्तुति आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
एनडीएमसी की ओर से राहगिरी फाउंडेशन, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और फिट इंडिया के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ‘संडे ऑन साइकिल’ के तहत सामुदायिक साइकिलिंग होगी। इनर सर्किल में पैदल चलने और गैर-मोटर चालित परिवहन को बढ़ावा देने वाले संदेश भी प्रदर्शित किए जाएंगे। युवाओं और परिवारों के लिए खेल, स्ट्रीट आर्ट और कार्यशालाएं आयोजित होंगी। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ हवा, सतत परिवहन और नागरिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। ब्यूरो