भाईदूज पर दिल्ली प्रशासन ने डीटीसी की हरी और क्लस्टर की नारंगी बस में बहनों को फ्री यात्रा की घोषणा की है। दिल्ली के साथ-साथ महिलाएं नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुडगांव तक फ्री यात्रा कर सकेंगी। लेकिन मेरठ और रोहतक जाने वाली बसों और डीटीसी की एसी बसों में फ्री यात्रा नहीं मिलेगी।
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन अधिकारी बताते हैं कि भाईदूज पर बहनें भाईयों से मिलने जाती हैं। बसों में सफर करने से सड़क पर प्राइवेट वाहन कम उतरेंगे और ट्रैफिक जाम की समस्या भी नहीं झेलनी पड़ेगी। सभी डिपो प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय से अधिक से अधिक बसों को सड़कों पर उतारें और प्रबंधन को रिपोर्ट भेजें। रूटों पर बसों की व्यवस्था जांचने के लिए ट्रैफिक सुपरवाइजर को विभिन्न रूट पर तैनात रहेंगे।
मैट्रो ने फेरे बढ़ाए
वहीं दूसरी तरफ डीएमआरसी ने बहनों को आसान सफर देने के लिए ट्रेन और अतिरिक्त कर्मी तैयार रखने का फैसला किया है। डीएमआरसी प्रवक्ता के अनुसार तीन तरह के टाइमटेबल है। सोमवार से शुक्रवार तक ट्रेन ट्रैक पर अधिक होतीं है, शनिवार को उससे कम तो रविवार को और भी कम ट्रेन उतारी जाती है। चूंकि भाईदूज इस बार शनिवार को ही इसलिए फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सामान्यत: जितनी ट्रेन शनिवार को होती है, उसी फ्रीक्वेंसी पर ट्रेन चलेगी। लेकिन हर लाइन पर दो-दो अतिरिक्त ट्रेन भीड़ होने की दशा में ट्रैक पर आने केलिए तैयार रहेगी। स्टेशन पर अतिरिक्त स्टॉफ भी रहेगा। जिस स्टेशन पर भीड़ ज्यादा होगी, वहां अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे।