इनेलो के हिसार से निर्वाचित सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि जिस प्रकार लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की लहर थी उसी प्रकार प्रदेश की जनता चौ. ओमप्रकाश चौटाला को मुख्यमंत्री देखना चाहती है।
वह सूबे के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। वह यहां नए जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस के कूशासन से उब चुकी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री की खिंचाई करते हुए कहा कि वे कहते हैं कि प्रदेश में इनेलो का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा लेकिन पार्टी का ग्राफ निरंतर ऊंचा हो रहा है। इस लोकसभा चुनाव में इनेलो को 24.4 प्रतिशत वोट मिले। आगामी विधानसभा में हरियाणा से भी कांग्रेस का सफाया हो जाएगा।
उन्होंने कुलदीप बिश्नोई पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनकी दुकान बंद हो जाएगी। इस मौके पर राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप व रणबीर सिंह प्रजापति, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, गुड़गांव प्रभारी नफेसिंह राठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनन्तराम तवंर, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपीचन्द गहलोत, जाकिर हुसैन, विधायक गंगाराम, जिलाध्यक्ष रमेश दहिया, शहरी जिलाध्यक्ष राजेश सूटा, हल्काध्यक्ष सतबीर पहलवान, अटलबीर कटारिया, कृष्ण यादव, रामनिवास राव, राव मानसिंह, गजेसिंह कबलाना आदि ने भी अपने विचार रखे।
उधर, नूंह में बुधवार को नई अनाजमंडी में पार्टी के नए जिला कार्यालय के उद्घाटन पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि विधानसभा चुनावों में इनेलो की आंधी चलेगी और पार्टी 1987 की तरह 85 सीटें जीतने में कामयाब रहेगी। पार्टी कार्यालय का उद्घाटन विधायक अभय चौटाला ने किया।
इस दौरान राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप, रणबीर गंगवा, मेवात जिला प्रभारी राजेंद्र बींसला, नसीम अहमद, जाकिर हुसैन, हबीबुर्रहमान, इलियास मोहम्मद, शहीदा, बदरूद्दीन, हरीश मलिक, योगेश, तैयब, फकरू, सुबराती, जाहिद, हितेश देशवाल, नासिर, आस मोहम्मद, अकबर अली, राकेश देशवाल, अल्ली प्रधान, गणेश अरोडा, राहुल जैन आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।