बुलंदशहर के अहार इलाके के एक गांव में एक बुजुर्ग दादी और उसके पौते को खूंखार कुत्तों के झुंड ने निशाना बनाया। कुत्तों के हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि उसका पोता घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, गांव मौहरसा के रहने वाले क्षेत्र पंचायत सदस्य जयप्रकाश लोधी की करीब साठ साल की दादी केला देवी सोमवार को करीब चार बजे शाम को खेत में शौच के लिए जा रही थी।
तभी वहां एक आम के पेड़ के नीचे चार पांच खूंखार कुत्तों का झुंड बैठा हुआ था। जैसे ही बुजुर्ग कुत्तों के पास से गुजरी तुरंत झुंड उनपर टूट पड़ा। बुजुर्ग कुत्तों से अपना बचाव करती उससे पहले ही कुत्तों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और काटने लगे।
उनके रोने चिल्लाने की आवाज़ सुनकर उनका पोता हेमराज पुत्र रामू बचाने पहुंचा तो कुत्तों ने उस पर भी हमला कर दिया। उसके बाद ग्रामीणों की भीड़ हाथों में डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और उस गंभीर रूप घायल बुजुर्ग को घर लाए।
उसके बाद परिजन दोनों को लेकर जहांगीराबाद के एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने इलाज के बाद दोनों को घर भेज दिया। सोमवार की रात्रि करीब 11 बजे बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
जबकि उसका पोता हेमराज सिंह की हालत फिलहाल ठीक है। बुजुर्ग की मौत हो जाने से घर में कोहराम मच गया। मंगलवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।