गुरुग्राम में दो साल पहले हुई पति की मौत से आहत 94 साल की बुजुर्ग महिला ने सोमवार सुबह सेंट्रल पार्क-2, सेक्टर 48 सोसायटी की 15वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले की जांच की जा रही है। सदर थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि उर्मिला आडवाणी (94) सेवानिवृत्त अध्यापिका थीं।
दो साल पहले उनके पति अर्जुन आडवाणी की मौत हो गई थी। इससे वह काफी आहत थीं। उनकी बीपी समेत अन्य बीमारियों की दवाएं चल रहीं थीं। सोमवार सुबह उनका बेटा अनिल सैर करने गया था, जबकि बहु और पोता अपने कमरे में थे।
इसी दौरान उर्मिला अपने कमरे से बाहर बालकनी में आईं और नीचे कूद गईं। जोरदार आवाज होने पर आसपास के लोगों ने देखा तो वह लहूलुहान अवस्था में नीचे पड़ी थीं। इसकी सूचना पुलिस और उनके बेटे को दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने स्वयं छलांग लगाई है। फिलहाल मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सोमवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।