ओला ऊबर कर रहे गुरुग्राम जाने से इंकार
अगर कोई ओला या उबर कैब आपको गुरुग्राम ले जाने से मना कर दे तो बिल्कुल भी हैरान होने की जरूरत नहीं है। गुरुग्राम आने-जाने वाले लोग उस दिन से ही इस समस्या का सामना कर रहे हैं जब से हरियाणा सरकार के नए नियम के हिसाब से नया मोटर टैक्स लगा है।
इस नए टैक्स को लेकर आज दिल्ली स्थित हरियाणा भवन के बाहर ड्राइवरों की एक यूनियन सर्वोदय ड्राइवर्स एसोसिएशन प्रदर्शन भी करेगा। एक गुरुग्राम निवासी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उसने दो ड्राइवरों से बात की तो उन्होंने गुरुग्राम जाने से इंकार कर दिया फिर तीसरा ओला कैब वहां जाने के लिए मान गया। एक ने बताया वो हड़ताल में शामिल होने जा रहा है तो दूसरे ने कहा कि वो बॉर्डर तक ही छोड़ेगा क्योंकि टैक्स लगेगा।
दरअसल हरियाणा सरकार ने 1 अप्रैल से नए नियम के तहत हरियाणा में प्रवेश करने वाली टैक्सियों पर 100 रुपए का नया कर लगा दिया है। यह कर 950 रुपए के उस कर की जगह लगाया गया है जो हर तीन महीने पर रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी को देना होता था।