15 अप्रैल से दिल्ली में सम-विषम फार्मूला लागू होने का असर नोएडा में भी दिखेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक , नोएडा की सड़कों पर 60 फीसदी वाहनों का दबाव कम होगा। दरअसल, दिल्ली-नोएडा में रोजाना लाखों लोग नौकरी के लिए आते-जाते हैं।
इनमें से हजारों लोग निजी वाहनों का प्रयोग करते हैं। सम-विषम फार्मूला लागू होने के बाद या तो इन्हें शेयरिंग वाहनों का प्रयोग करना होगा या फिर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से ऑफिस आना होगा। सम-विषम का सबसे ज्यादा प्रभाव मेट्रो पर पड़ने की उम्मीद है।
इस फार्मूले के पहले चरण में सबसे ज्यादा भीड़ मेट्रो स्टेशनों पर देखी गई थी। यही वजह है कि इस बार नोएडा ट्रैफिक पुलिस पहले से ही व्यवस्था रखेगी। इसके तहत मेट्रो स्टेशनों के आसपास गाड़ियां पार्क कर जाम नहीं लगाने, वेटिंग वाले वाहनों के लिए उपयुक्त स्थान जैसी सारी व्यवस्थाएं होंगी, ताकि रोजाना के यातायात संचालन में बाधा न पड़े।