दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिये हो रही सुनवाई के दौरान चौंकाने वाली घटना सामने आई। एक अज्ञात प्रतिभागी ने स्क्रीन साझा कर अश्लील फिल्म और अशोभनीय संगीत बजा दिया। जिससे न्यायिक प्रक्रिया को बार-बार बाधित होना पड़ा।
मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की खंडपीठ दोपहर करीब 12:56 बजे जनहित याचिकाओं (पीआईएल) की सुनवाई कर रही थी। तभी अज्ञात प्रतिभागी जिसने खुद का नाम शितजीत सिंह दिया था उसने अश्लील वीडियो चला दिया। कोर्ट कर्मचारियों ने तुरंत वीसी बंद कर दी। मिनटों बाद जब वीसी दोबारा शुरू हुई, तो उसी प्रतिभागी ने दोबारा अश्लील सामग्री दिखाकर कार्यवाही रोक दी। तीसरी बार ऐसा होने पर अदालत ने वीसी स्थगित कर दी।
बुधवार को मुख्य न्यायाधीश की अदालत में करीब 100 मामले सूचीबद्ध थे। इस घटना के बाद हाईकोर्ट प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) इकाई में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है कि कहीं यह साइबर हमला तो नहीं था।