शुक्रवार को दिल्ली में काम करने वाले एक सरकारी कर्मचारी को ऐसा मैसेज मिला जिसने उसकी भावनाओं को इतना आहत किया कि उसने मैसेज करने वाली कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी और उनके खिलाफ कठोर कार्यवाई की मांग की।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सोनित कुमार गोस्वामी भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय में काम करते हैं।
दो अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें कहा गया कि हमारे यहां भारतीय और उत्तर पूर्व के लोगों द्वारा स्पा और बॉडी मसाज की सेवा प्रदान की जाती है।
मैसेज की भाषा पर जताई आपत्ति
असल में गोस्वामी को इस बात पर आपत्ति है कि मैसेज भेजने वाली कंपनी ने भारत और उत्तर पूर्व को इस ढंग से पेश किया जैसे यह दो अलग-अलग जगहें हैं।
मैसेज में लिखा था कि सिर्फ पांच या दस हजार में आप भारत/उत्तर पूर्व की सुंदर और प्रशिक्षित महिलाओं से स्पा और बॉडी मसाज की सुविधा पा सकते हैं।
मैसेज में इस सेवा को पाने के लिए द्वारका स्थित मसाज सेंटर का पता और फोन नंबर भी दिया गया। हालांकि अखबार ने उसे नहीं छापा है।
मैसेज से भावनाओं को लगा धक्का
गोस्वामी को आपत्ति है कि इस मैसेज में नॉर्थ ईस्ट और इंडिया को इस ढंग से बताया जा रहा जैसे यह दो अलग देश हैं।
गोस्वामी खुद भी असम के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि इस मैसेज ने उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाया जिसके बाद उन्होंने कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया।
गोस्वामी का कहना है कि वह ऐसे लोगों को सबक सिखाना चाहते हैं जो इस तरह की अफवाह फैलाने में मदद करते हैं कि भारत और नॉर्थ ईस्ट दो अलग जगहें हैं।
भारत की अखंडता पर खतरा है यह मैसेज
गोस्वामी की शिकायत दिल्ली के अमर कॉलोनी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। गोस्वामी ने कहा कि वह कानून का पालन करने वाले भारतीय हैं।
यह मैसेज पहली नजर में भले ही एक कमर्शियल मैसेज की तरह लगता है लेकिन एक भारतीय होने के नाते और गोवाहाटी से संबंध रखने के नाते मुझे इस मैसेज पर घोर आपत्ति है।
गोस्वामी का मानना है कि यह संदेश भारत की अखंडता पर हमला करने वाला है इसलिए ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाई होनी ही चाहिए।
महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग
इतना ही नहीं गोस्वामी को इस बात पर भी आपत्ति है कि इस मैसेज में महिलाओं के लिए सुंदर और प्रशिक्षित जैसे शब्दों को इस्तेमाल किया गया है।
उनका मानना है कि महिलाओं के लिए इस तरह के शब्दों को इस्तेमाल करना उनकी अस्मिता पर हमला है।
हालांकि पुलिस ने गोस्वामी की शिकायत दर्ज कर ली है लेकिन जांच के बाद ही इसे एफआईआर में भी तब्दील किया जा सकता है।