दिल्ली की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज है। इसमें शामिल होने के लिए पूरी दिल्ली को बुलावा भेजा गया है। आम आदमी पार्टी का अनुमान है कि करीब एक लाख लोग रामलीला मैदान पहुंच सकते हैं। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी आवाजाही आसान करने के लिए प्लान तैयार किया है।
शनिवार दोपहर बाद दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय रामलीला मैदान में समारोह की तैयारियों का मुआयना करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंच के नजदीक करीब 40 हजार कुर्सियां लगाई गई हैं, जबकि पीछे की तरफ खाली स्थान छोड़ा गया है, जिससे भीड़ बढ़ने पर लोग खड़े होकर समारोह देख सकेंगे। सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं।
उधर, ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि आज रामलीला मैदान से जुड़ी सड़कों से निकलने वाले लोगों को थोड़ी एहतियात बरतनी होगी। इस दौरान कुछ रास्तों को बंद करने के साथ इसका ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
यहां वाहनों की पार्किंग का इंतजाम
-कारों के लिए सामान्य पार्किंग सिविक सेंटर के अंदर और पीछे होगी।
-बसों के लिए सामान्य पार्किंग माता सुंदरी रोड, पावर हाउस रोड, वेलोड्रोम रोड, राजघाट पार्किंग, शांति वैन पार्किंग, सर्विस रोड राजघाट और समता स्टाल पर होगी।