दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा नर्सरी दाखिले में प्वाइंट सिस्टम फार्मूला रद्द किए जाने के बाद अधिकतर निजी स्कूलों ने नर्सरी दाखिले के लिए खुद दिशा-निर्देश तय कर दिए हैं। निजी स्कूल नर्सरी दाखिले के लिए घर से अधिक दूरी स्वीकार नहीं करेंगे।
स्कूलों की शर्त है कि घर से पंद्रह किलोमीटर से अधिक दूरी नहीं होनी चाहिए। यह सब उनके लिए होगा जिनके सगे भाई-बहन स्कूल में पढ़ते हैं। नर्सरी एडमिशन की प्रक्रि या अक्तूबर में शुरू की गई थी, लेकिन इस दौरान अधिक नामांकन नहीं हो पाए थे। नर्सरी दाखिले जनवरी तक जारी रहेंगे।
रेयान इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य सुधा सिंह का कहना है कि दिल्ली की तरह सौ प्वाइंट तो नहीं हैं, लेकिन कुछ प्वाइंट यहां के स्कूलों ने बनाए, जिस आधार पर नर्सरी एडमिशन किए जा रहे हैं। जनवरी तक उनके स्कूल में नर्सरी एडमिशन किए जाएंगे। एपीजे स्कूल की प्रधानाचार्य याशिका भारद्वाज का कहना है कि नर्सरी एडमिशन के लिए यह शर्त जरूर है कि स्कूल से घर की दूरी अधिक नहीं होनी चाहिए।
अशोक कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक निजी स्कूलों को कतई अपनी मनमर्जी नहीं करने दी जाएगी। अगर कोई शिकायत उनके पास आती है, तो उस पर कारगर कदम उठाया जाएगा।