शनिवार को दिल्ली में एक ही दिन में 59 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 42 जमाती हैं। दिल्ली में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 445 हो चुकी है, जिनमें से 301 निजामुद्दीन स्थित मरकज से निकाले गए थे। इनके अलावा 58 लोग विदेश से संक्रमित होकर आए हैं।
वहीं 40 मरीज ऐसे हैं, जो विदेश यात्रा से लौटने वाले संक्रमितों के संपर्क में आए थे। 46 संक्रमित मरीजों की जांच चल रही है। 423 संक्रमित मरीजों का उपचार दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को 5 संक्रमित मरीजों को ठीक होने पर अस्पतालों से छुट्टी मिल गई। फिलहाल कोरोना वायरस से दिल्ली में केवल छह लोगों की मौत हुई है।
विभाग ने शनिवार को किसी भी संक्रमित मरीज की मौत होने की जानकारी नहीं दी है। विभाग का कहना है कि दिल्ली में फिलहाल 445 में से 15 मरीज आईसीयू में हैं और 5 को वेंटिलेटर पर रखा गया है। इन सभी की हालत काफी नाजुक है। इनमें से ज्यादातर मरीजों की आयु 60 वर्ष से ज्यादा है। फिलहाल 8 सरकारी व कुछ प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना संक्रमित व संदिग्ध मरीजों का उपचार चल रहा है।
अब भी 295 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार
शनिवार तक दिल्ली में अलग-अलग जगहों से 3694 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं, जिनमें से 445 की रिपो्रट पॉजिटिव और 2954 की निगेटिव है। 295 सैंपल की रिपोर्ट अब भी विभाग को नहीं मिली है। इनकी रिपोर्ट रविवार तक मिलने की संभावना है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मरीजों की सैपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी होने के कारण यह आंकड़ा बढ़ रहा है।
अस्पतालों में कोरोना की वर्तमान स्थिति
अस्पताल संक्रमित कुल मरीज कुल बिस्तर
लोकनायक 100 296 400
राजीव गांधी 83 156 200
जीटीबी 22 110 350
डीडीयू 38 --- 50
भीमराव 05 31 100
आरएमएल 04 24 66
सफदरजंग 20 48 60
एम्स (झज्जर) 90 154 350
प्राइवेट अस्पताल 61 -- --
क्वारंटीन लोगों की बड़ी तादाद
. 3531 लोग दिल्ली सरकार के क्वारंटीन केंद्रों में। इनमें मरकज से निकाले गए 1836 शामिल।
. 1733 विदेश यात्रा से लौटे लोग अपने घरों में क्वारंटीन।
. 18598 लोग अपने घरों में क्वारंटीन, ये संक्रमितों के संपर्क में आए थे।