सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी एनटीपीसी को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित उल्टी नीलामी में 85 मेगावाट की सौर परियोजना हासिल करने में सफलता मिली है। एनटीपीसी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने शेयर बाजार को बताया, "एनटीपीसी ने ग्रिड आधारित सौर परियोजनाओं के लिये उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूपी नेडा) द्वारा पेश की गयी निविदा में हिस्सा लिया।"
नीलामी का आयोजन तीन दिसंबर 2018 को किया गया। एनटीपीसी ने 85 मेगावाट सौर क्षमता की परियोजना में हिस्सा लिया और इसे हासिल किया। परियोजना के लिये 25 साल तक 3.02 रुपये प्रति यूनिट का शुल्क रखा गया है।
कंपनी ने कहा कि उपरोक्त 85 मेगावाट की सौर परियोजनाएं एनटीपीसी द्वारा स्थापित की जाएंगी और एनटीपीसी की स्थापित क्षमता में शामिल होंगी।