नीट पेपर लीक मामले में पहली गिरफ्तारी
नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने पहली गिरफ्तारी की है। सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए पटना से नीट पेपर लीक मामले के आरोपी मनीष प्रकाश और आशुतोष को गिरफ्तार किया है। फिलहाल सीबीआई उन दोनों से पूछताछ कर रही है।
देश के 24 लाख युवाओं से कर रही सरकार धोखा, भंग हो एनटीए
श्रीनिवास बीवी ने कहा कि नीट परीक्षा में धांधली सिर्फ 24 लाख छात्रों के साथ धोखा नहीं, बल्कि देश की स्वास्थ्य व्यवस्था और देश के भविष्य के साथ धोखा है। उनका आरोप था कि ऐसी कोई परीक्षा नहीं है, इस वक्त जिसमें धांधली न हो। चुनाव से पहले केंद्र सरकार परीक्षा पर चर्चा करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद पेपर लीक और धांधली पर कोई बात नहीं होती है। एनटीए भंग होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एनटीए शक के घेरे में है, क्योंकि पेपर लीक की बात सामने आई थी। फिर परीक्षा में जो स्कोर संभव नहीं था, वे भी छात्रों को मिले। इसी प्रकार अग्निवीर योजना देश की सेना में भर्ती हो रहे जवानों के साथ एक मजाक है। उन्होंने कहा कि छात्रों को जब तक इंसाफ नहीं मिलता और जब तक अग्निवीर योजना बंद नहीं होती, तब तक लड़ाई जारी है।
हरियाणा के रोहतक से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आए रोहित सेहरावत ने कहा कि उन्होंने नीट की परीक्षा दी थी, लेकिन यहां धांधली हो गई। उन्होंने कहा कि वह किसी पार्टी की तरफ से नहीं आए, बल्कि अपनी आवाज शिक्षा मंत्री तक पहुंचाने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में शिक्षा मंत्री से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को भी कड़ी सजा होनी चाहिए।
सरकार से छात्र कर रहे मांग
प्रदर्शनकारियों ने नीट-यूजी के लिए दोबारा परीक्षा लेने और परीक्षाओं के केंद्रीकरण को समाप्त करने की भी मांग की। जेएनयूएसयू ने पीएचडी में प्रवेश के लिए एनटीए की ओर से आयोजित परीक्षा को समाप्त करने की मांग की है। हालांकि, बीते दिन दोपहर में पुलिस ने जंतर-मंतर पर पहुंचकर छात्रों को हिरासत में ले लिया। उन्हें दूसरे स्थानों पर छोड़ दिया।