लीअमेरिका में रहने वाले एक एनआरआई का एयर टिकट बुक कराने के नाम पर 12.40 लाख की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। एनआरआई के मुताबिक टूर एवं ट्रेवल एजेंसी की शिक्षा अरोड़ा, चंद्र किशोर, नीरू अरोड़ा, तरुण व वरुण अरोड़ा ने उनके कार्ड से 12.40 लाख की पेमेंट लेने के बाद टिकट नहीं दिया।
प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस आयुक्त के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने शनिवार को सभी आरोपियों को नामजद करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। जिसकी जांच पड़ताल की जा रही है।
दिल्ली द्वारका निवासी एनआरआई आशू जैन ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में कहा कि वह अपनी पत्नी एना के साथ अमेरिका में रहते हैं। वह पिछले साल भारत आए थे। वापसी में उन्हें अपनी पत्नी एना व दोस्त शशि बिष्ट के साथ वापस जाना था। इसके लिए उन्होंने जेएमडी मेगा पॉलिस मॉल स्थित टूर एवं ट्रेवल एजेंसी से संपर्क कर टिकट बनवाया।
आरोपियों ने टिकट और पेमेंट के लिए सुशांत लोक स्थित अपने घर बुलाया, जहां उनसे 12.40 लाख रुपये ले लिए गए। पीड़ित के पास भारतीय मुद्रा न होने के चलते उसने अपना फॉरेक्स कार्ड दे दिया, जिससे आरोपियों ने पूरी पेमेंट ले ली लेकिन टिकट नहीं दिए।
आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस संबंध में उन्होंने सेक्टर-56 थाना व सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन उन्होंने सुनवाई नहीं की, जिस पर पुलिस आयुक्त को शिकायत की गई। मामले की प्राथमिक जांच के बाद सदर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों को नामजद कर मामला दर्ज कर लिया है।