इससे बच्चों में रोबोटिक्स के क्षेत्र में जिज्ञासा उत्पन्न होगी। इससे इस क्षेत्र में प्रतिभाओं को खोजने और निखारने में मदद मिलेगी। इस दिल्ली रोबोटिक लीग 2023 के माध्यम से छात्र रोबोटिक बनाना सीखने के साथ-साथ पारंपरिक खेलों से भी जुड़ेंगे। दरअसल, इस रोबोटिक खेल प्रतियोगिता को रोबाे-कंचा नाम दिया गया है। इसमें रोबोट कंचा खेलेंगे और रोबोट ही कंचा रोकेंगे।
रोबोटिक पांच कंचों पर लगाएगा निशाना
प्रतियोगिता में दो टीम एक साथ खेलेंगी। हर टीम में 5 छात्र और एक शिक्षक मेंटर के रूप में शामिल होगा। एक टीम का रोबोटिक अपने हाथ में कंचा लेकर सामने रखे पांच कंचों पर निशाना साधेगा। जैसे ही रोबोटिक अपने कंचे से सामने वाले कंचों को मारेगा तो वे इधर-उधर फैलते हुए गड्ढों में गिरेंगे। दरअसल, जितने अधिक कंचे गड्ढों में गिरेंगे, उतने ही अधिक अंक संबंधित टीम को मिलेंगे।
आईआईटी विशेषज्ञ रोबोटिक बनाना सिखाएंगे
आईआईटी दिल्ली के आईएचएफसी की टीम स्कूलों में जाकर रोबोटिक बनाने का प्रशिक्षण देगी। इसमें आईएचएफसी के दो स्टार्टअप रैंचो लैब और द इनोवेशन स्टोरी जाकर टीम के साथ रोबोटिक बनाना सिखाएंगे। दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में छह और सात जुलाई को दिल्ली रोबोटिक लीग 2023 के तहत रोबो -कंचा प्रतियोगिता का फाइनल खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता में दिल्ली सरकार का शिक्षा विभाग सहयोग कर रहा है।