फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब बॉटेनिक गार्डन से सेक्टर-142 तक मेट्रो

Mon, 08 Feb 2016 08:36 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
विज्ञापन
मेट्रो के प्रस्तावित सेक्टर-142 से ओखला पक्षी विहार रूट पर बड़ा बदलाव कर दिया गया है। ओखला पक्षी विहार के बजाय अब यह रूट बॉटेनिक गार्डन से सेक्टर-142 तक होगा।
विज्ञापन


नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन के सेक्टर-29 स्थित दफ्तर के उद्घाटन के अवसर पर प्रबंध निदेशक व नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण ने बताया कि ओखला पक्षी विहार के बजाय बॉटेनिक गार्डन की फिजबिलिटी ज्यादा है। ओखला पक्षी विहार के बजाय इस रूट पर ज्यादा यात्री सफर कर सकेंगे। उन्होंने तर्क दिया कि बॉटेनिक गार्डन से कालिंदीकुंज तक मेट्रो निर्माणाधीन है।

द्वारका से सिटी सेंटर रूट भी इससे होकर गुजर रहा है, जिसका विस्तार सेक्टर-71 से होते हुए सेक्टर-62 तक होगा। तीसरा रूट सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा डिपो तक भी बन रहा है। चौथा रूट सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक प्रस्तावित है। इसकी भी डीपीआर बन चुकी है। शासन से मंजूरी का इंतजार है।
विज्ञापन


बॉटेनिक गार्डन से रूट बनने पर सेक्टर-44 से 142 तक एक्सप्रेसवे के आसपास रहने वाले लोग ग्रेटर नोएडा वेस्ट भी जा सकेंगे। पक्षी विहार के बजाय बॉटेनिक गार्डन से चार रूटों पर कनेक्टीविटी होगी। उन्होंने बताया कि ओखला पक्षी विहार से सेक्टर-142 तक के रूट की डीपीआर तैयार कर ली गई थी, मगर अब संशोधन कर बॉटेनिक गार्डन से सेक्टर-142 की डीपीआर बनेगी।

इसी माह नोएडा प्राधिकरण की प्रस्तावित बोर्ड बैठक में संसोधित प्रस्ताव पर मुहर लगने के आसार हैं। रूट में बदलाव से रूट की लंबाई (करीब 11 किलोमीटर) और कीमत (करीब 2200 करोड़) पर कुछ खास फर्क नहीं पड़ेगा।

प्राधिकरण के इस फैसले से सेक्टर-71 की तरह ही अब बॉटेनिक गार्डन भी मेन जंक्शन बन जाएगा। सिटी सेंटर से द्वारका रूट का स्टेशन बना हुआ है। कालिंदी कुंज से बॉटेनिक गार्डन का स्टेशन बन रहा है। इसकेऊपर ही सेक्टर-142 रूट का स्टेशन बनेगा। इसकी ऊंचाई सबसे ज्यादा होगी।

इस मौके पर ग्रेटर नोएडा सीईओ दीपक अग्रवाल, वाणिज्यकर कर अपर आयुक्त विद्या भूषण, वित्त नियंत्रक मनमोहन मिश्र, एनएमआरसी के जीएम पीडी उपाध्याय, डीजीएम एचएन सिंह व एमसी त्यागी, प्राधिकरण के चीफ इंजीनियर एके गोयल व होम सिंह यादव, पीई संदीप चंद्रा व सलिल यादव, उद्यान निदेशक ओमवीर सिंह आदि अफसर मौजूद रहे।

ग्रेनो व ग्रेनो वेस्ट रूट प्राथमिकता पर
प्राधिकरण चेयरमैन ने कहा कि सेक्टर-71 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक प्रस्तावित मेट्रो रूट की कागजी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। शासन से मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद है। साथ ही सेक्टर-71 से ही ग्रेटर नोएडा डिपो तक के रूट पर तेजी से काम चल रहा है। दिसंबर 2017 में इसके बनने का संकल्प दोहराया।

सेक्टर-71 पर मेट्रो स्टेशन का मॉडल तैयार
नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक निर्माणाधीन मेट्रो रूट पर सेक्टर-71 व 51 के बीच पहले स्टेशन का मॉडल तैयार कर लिया है। एनएमआरसी के दफ्तर में इसे रखा गया है। इसी की तर्ज पर बाकी स्टेशन भी विकसित किया जाएगा। सेक्टर-71 मेन जंक्शन होगा।

सिटी बस सेवा की शुरुआत 40 बसों से
अप्रैल से सिटी बस सेवा की शुरूआत 40 बसों से होगी। इसके बाद मई में 40 बसें और इस बेड़े में जुड़ जाएंगी। बाकी 20 बसें जून में मिल जाएंगी। पहले चरण में 100 बसें चलनी हैं। दूसरे चरण की बसें इसके बाद आएंगी। ये बसें कुल 13 रूटों पर दौड़ेंगी।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें