दूसरे प्रदेशों के छात्र नए सत्र से हरियाणा में डीएड (डिप्लोमा इन एजुकेशन) कर सकेंगे। बाहरी छात्रों के लिए हरियाणा सरकार अपने जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) और प्राइवेट कॉलेजों के दरवाजे खोलने जा रही है।
हरियाणा के छात्रों को भी दाखिले के वक्त स्थानीय प्रमाण पत्र के झंझट से मुक्ति मिल सकती है। इसके लिए गुड़गांव स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने प्रस्ताव तैयार कर चंडीगढ़ शिक्षा मुख्यालय को भेजा है। बता दें कि जून के दूसरे सप्ताह से दाखिला प्रक्रिया शुरू होनी है।
एससीईआरटी द्वारा प्रदेश के सभी डीएड कॉलेजों में दाखिला किया जाता है। अभी तक हरियाणा के डीएड कॉलेजों में केवल प्रदेश के छात्रों को स्थानीय प्रमाण पत्र होने पर ही दाखिला मिलता है।
बीते सालों में स्थानीय छात्रों को भी प्रमाण पत्र नहीं होने पर दाखिला नहीं मिला है। स्थानीय प्रमाण पत्र की वजह से गुड़गांव, फरीदाबाद या प्रदेश के किसी अन्य शहर में रहने वाले दूसरे प्रदेशों के छात्र दाखिले में रुचि नहीं दिखाते थे।
जिसका असर प्रदेश के कॉलेजों में पड़ता था और सीटें खाली रह जाती थीं। लगातार खाली सीटों को देखते हुए एससीईआरटी अब दूसरे प्रदेशों के छात्रों के लिए दरवाजे खोलने जा रहा है।