देश की सबसे तेज रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेन गतिमान की सवारी न कर पाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। आने वाले दिनों में फरीदाबाद सेक्शन से गुजरने वाली सभी सुपरफास्ट गाड़ियां गतिमान की रफ्तार से ही दौड़ती नजर आएंगी। इसके लिए ट्रैक को ठीक किया जा रहा है।
अर्थात कम किराए में यात्री गतिमान जैसी ट्रेन की रफ्तार का आनंद उठा सकेंगे। इसके लिए ट्रैक के कर्व(पटरियों का घुमाव) को ठीक किया जा रहा है। साथ ही प्लेटफार्म को भी छोटा किया जा रहा है। फिलहाल अभी फरीदाबाद सेक्शन में गतिमान को छोड़ अन्य ट्रेनों की रफ्तार 120 किमी. प्रतिदिन घंटे निर्धारित है।
केंद्र सरकार देशभर की सभी ट्रेनों की रफ्तार में सुधार लाने का प्रयास कर रही है। रेलमंत्री सुरेश प्रभु भी इसकी कई बार घोषणा कर चुके हैं। इस सेक्शन में निजामुद्दीन से चलकर आगरा कैंट जाने वाली गतिमान एक्सप्रेस अब तक देश की सबसे तेज दौड़ने वाली ट्रेन है।
उत्तर रेलवे के लिए नई दिल्ली-आगरा रूट सबसे व्यस्ततम रूट माना जाता है। नई दिल्ली फरीदाबाद- पलवल होते हुए आगरा तक करीब 350 ट्रेनों का परिचालन होता है। अब इस रूट पर दौड़ने वाली सभी ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। इसके लिए पिछले दिनों ट्रायल भी हो चुका है।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बड़कल ओवरब्रिज से लेकर ओल्ड फरीदाबाद के प्लेटफार्म संख्या दो तक रेलवे ट्रैक में अधिक कर्व है जिसके चलते यहां से गुजरने वाली राजधानी, शताब्दी जैसे ट्रेनों को अधिकतम 120 किलो मीटर प्रति घंटा की स्पीड से ही गुजारा जाता है।
रेलवे मुख्यालय के आदेश पर दौड़ने वाली सभी राजधानी, शताब्दी ट्रेनों को 160 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद ट्रैक के घुमाव को सीधा किया जा रहा है।
साथ ही प्लेटफार्म अप लाइन को भी एक साइड से छोटा किया जा रहा है। ट्रैक निरीक्षक जेएन मीना का कहना है कि कर्व में चार तरह की गोलाई है। इसी कारण राजधानी सहित अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों को 120 की गति से दौड़ाया जाता है।
ट्रैक को सीधा करने का कार्य किया जा रहा है। आने वाले दिनों में सभी सुपरफास्ट ट्रेनें गतिमान की रफ्तार से दौड़ेंगी।