उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगे की जांच कर रही क्राइम ब्रांच टीम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के चार छात्रों को नोटिस भेजकर अपने कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है। नोटिस मिलने के बाद चारों छात्रों को अपने दूसरे साथियों की तरह गिरफ्तारी का डर सता रहा है। सूत्रों के अनुसार नोटिस मिलने के बाद दो छात्रों ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लापता हो गए हैं।
जामिया में बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र इजान अहमद को क्राइम ब्रांच ने नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है। दिल्ली दंगों में इजान की संल्पिता की बात कही जा रही है। पूर्व में पूछताछ के बाद जामिया के दूसरे छात्रों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। सूत्रों का कहना है कि जांच टीम के पास इजान व उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ अहम साक्ष्य मिले हैं।
बता दें, नागरिकता कानून के विरोध में फरवरी महीने में दंगा भड़क गया था। इस दंगे में पचास से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। जबकि सैकड़ों दुकान व घरों को आग के हवाले कर दिया गया था। दंगा शांत होने के बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी।