फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मॉडल टाउन में पाकिस्तान पर नहीं, लोगों ने कहा- काम के आधार पर मिलेगा वोट

Tue, 28 Jan 2020 06:45 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
चुनाव पर चर्चा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

समय : दोपहर 2.30 बजे। जगह: मॉडल टाउन की लाल बाग बस्ती। चाय की दुकान पर चुनावी चर्चाओं में मशगूल लोग नेताओं की बयानबाजी पर भरोसा नहीं करते। हाथ में छड़ी और गले में मफलर डाले बैठे कृष्णपाल कहते हैं कि नेताओं का कुछ भी भरोसा नहीं है। केजरीवाल तो ठीक है, लेकिन यहां का विधायक ही नकारा है। इस पर पास में ही बैठे दीपक बोले, पांच साल में एक भी बार विधायक देखने को नहीं मिला। बस केजरीवाल के नाम का फायदा बटोर रहा है। इस बीच फते सिंह (थोड़ी ऊंची आवाज में) बोले, अरे भाई सुनो। वोट काम पर ही हमेशा पड़ता है। कोई पाकिस्तान की बातें करने लगता है तो कोई मुसलमानों की। दिल्ली वालों का इससे क्या लेना देना। 

विज्ञापन


तभी अचानक कृष्ण पाल बोले, शाहीन बाग में तो लोगों को परेशानी हो ही रही है। दुकानें भी बहुत समय से बंद हैं। ये कोई तरीका है? दीपक बोले, हां ये तो सही है। ये तो हर कोई कह रहा है। सड़कों पर धरना- प्रदर्शन से आम आदमी को ही दिक्कत होती हैं। फिर चाहे वह मुसलमान हो या हिंदू। अभी कुछ दिन पहले बता रहे थे कि एंबुलेंस भी नहीं निकल पा रही थी। काफी देर से खामोश संतोष बोल पड़े, तो फिर नेता कौन बनेगा इस बार? 

फतेसिंह (मुस्कराते हुए), तुम ही बता दो बेटा। संतोष ने फिर कहा, वोट किसी को भी दो, लेकिन घमंड और राजशाही किसी को नहीं मिलनी चाहिए। जो हमसे आज तक मिलने नहीं आया, उसे क्या वोट देंगे? बिजली, पानी फ्री हुआ लेकिन स्कूलों में एडमिशन के लिए कितने धक्के लगाने पड़े, चाचा (फतेसिंह से पूछते हुए) आपके नाती का तो सबसे बड़ा उदाहरण है। हां भाई...(हल्की आवाज में जवाब)। दीपक बोलते हैं, हमारा वोट न पाकिस्तान को और न ही घमंडी नेताओं को। कृष्णपाल भी सहमति से सिर हिलाते है। इसी के साथ ही आपसी चर्चा ने दूसरा मोड़ ले लिया। 
विज्ञापन


मॉडल टाउन विधानसभा क्षेत्र दिल्ली की उन हॉट सीटों में से एक है, जहां की चुनावी गतिविधियों पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। यहां भाजपा से कपिल मिश्रा चुनाव लड़ रहे हैं जो आम आदमी पार्टी से बागी नेता हैं। उनके खिलाफ आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी अखिलेश पति त्रिपाठी वर्तमान विधायक भी हैं। वहीं कांग्रेस से आकांक्षा ओला भी मैदान में हैं। इस त्रिकोणीय मुकाबले के बीच सियासी दांव पेच भी यहां बाकी दिल्ली से अलग ही नजर आ रहे हैं। चूंकि इस विधानसभा में पॉश और झुग्गी दोनों तरह के इलाके हैं। इसलिए चुनाव प्रचार भी उसी स्तर से चल रहा है। 
 

विज्ञापन

भाजपा, कांग्रेस, आप तीनों के रहे विधायक

मॉडल टाउन सीट पर सबसे पहले 1993 में भाजपा के छत्री लाल गोयल ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 1998 से 2013 तक कांग्रेस के कंवर करन सिंह विधायक रहे। 2013 से अब तक आम आदमी पार्टी के अखिलेश पति त्रिपाठी विधायक हैं। 

मॉडल टाउन विधानसभा
कुल मतदाता  153672
पुरुष     85192
महिला   68477

2015 के चुनाव की स्थिति
पार्टी     प्रत्याशी      वोट       फायदा/नुकसान 
आप    अखिलेश पति त्रिपाठी   54,628    +12.54
भाजपा  विवेक गर्ग             30,617     +4.67
कांग्रेस  कंवर करन सिंह      8,992    -16.20

मतदाताओं का गणित
वैश्य  20 फीसदी
पंजाबी  14 फीसदी
ब्राह्मण   03 फीसदी
अन्य सामान्य  08 फीसदी
एससी   20 फीसदी
ओबीसी  18 फीसदी
मुस्लिम  05 फीसदी
अन्य   12 फीसदी
(जातीय समीकरण राजनीतिक पार्टियों के आधार पर, अन्य में यूपी-बिहार से आए लोग शामिल।)
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें