-डंपर को किया क्षतिग्रस्त, मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र में एक स्कार्पियो सवार युवकों ने डंपर चालक और मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचवटी कॉलोनी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 दिसंबर की रात उनकी डंपर गाड़ी नगला भीकू रोड पर निर्माण सामग्री डालने गई थी। सामग्री खाली कर वापस लौटते समय नगला भीकू निवासी गजेंद्र अपनी सफेद रंग की स्कार्पियो लेकर आया और डंपर के आगे गाड़ी अड़ा दी। इसके बाद उसने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर चालक प्रेमचंद को खिड़की खोलकर नीचे खींच लिया। आरोप है कि हमलावरों ने कस्सी, लोहे की रॉड और डंडों से चालक प्रेमचंद व मजदूर वैसर और रूपचंद पर हमला कर दिया। मारपीट में प्रेमचंद की आंख के ऊपर गहरा घाव आया है, जबकि छाती और कंधे में गंभीर अंदरूनी चोटें लगी हैं।
आरोपियों ने डंपर के चारों ओर के शीशे तोड़ दिए और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों पक्षों में समझौते की बातचीत चलती रही, लेकिन सहमति न बनने पर 17 जनवरी को पुलिस में औपचारिक शिकायत दी गई। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।