Youth launched cleanliness campaign in Ghaseda, collected waste single use plastic, also made people aware of cleanliness
नूंह। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में क्लीन इंडिया (स्वच्छ भारत) कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, गांधी ग्राम घासेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के पास एनएसएस के कॉर्डिनेटर असरफ मेवाती और ग्रामीण युवाओं के साथ वेस्ट सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र कर स्वच्छता अभियान चलाया।
इस दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के प्रमुख कारणों में से एक प्लास्टिक है। सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण होने वाली समस्याओं को समझने और उनके उपयोग को रोकने की आवश्यकता है। इसलिए यह स्पष्ट है कि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें एवं पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों और सेवाओं की ओर बढ़ें। जिला कॉर्डिनेटर ने बताया कि महात्मा गांधी ने जिस भारत का सपना देखा था, उसमें राजनैतिक आजादी ही नहीं थी बल्कि एक स्वच्छ और विकसित देश की कल्पना भी थी। जन-जन को जागरूक करना है कि घर का कूड़ा-कचरा गली या सड़क पर न फेंके। सफाई कर्मी के आने पर उसके ठेले या वाहन में ही कूड़ा डालें। कूड़े-कचरे को नालियों में न बहाएं। इससे नालियां अवरुद्ध हो जाती हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। पॉलीथिन का बिल्कुल प्रयोग न करें। यह गंदगी बढ़ाने वाली वस्तु तो है ही, मवेशियों के लिए भी बहुत घातक है।