लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही दीनदयाल पुरम निवासी फरमान अली ने 25 हजार रुपये के विवाद में कुछ लोगों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। एक गोली उनकी एसयूवी की डिकी में जा लगी। घटना के बाद भाग रहे एक युवक को मोहल्ले वालों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। फरमान ने पांच नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ इंदिरानगर थाने में केस दर्ज कराया है।
फरमान अली ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करते हैं। एक साल पहले उन्होंने परिचित बाबू यादव को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। कुछ दिनों पहले उन्होंने बाबू से अपने रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। बृहस्पतिवार रात को भी फरमान ने बाबू को फोन कर रुपये वापस मांगे। कुछ देर के बाद फरमान के पास गुडंबा थाने के हिस्ट्रीशीटर आदिल सिद्दीकी ने फोन कर फरमान को रुपये वापस मांगने की बात पर जान से मारने की धमकी दी। फरमान का आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह घर के बाहर निकले। इस दौरान दो बाइक सवार कई युवक उनके घर के पास पहुंचे और फायरिंग कर दी। पकड़े गए युवक ने अपना नाम इंदिरानगर के फरीदीनगर निवासी शिवम सिंह बताया।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह का कहना है कि फरमान अली की तहरीर पर आदिल सिद्दीकी, युवराज सिंह, बाबू यादव, मुस्सू, शिवम सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह केकेसी का छात्र है।