तावडू। नगर के बाईपास पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से सड़क पर खड़े मौसमदीन (28) की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित हाकम निवासी गांव सिलखो थाना तावडू ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह और उसकी मौसी का लड़का मौसमदीन (28) निवासी हमीराका थाना शेखपुर अहीर तहसील तिजारा जिला अलवर बाइक पर निजी काम से तावडू आए थे। जब बाईपास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के निकट मालाका मोड़ पर पहुंचे तो वह शौच करने के लिए रुक गए। शौच करने के दौरान मौसमदीन मोटरसाइकिल के पास खड़ा होकर उसका इंतजार करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान एक अज्ञात ट्रैक्टर चालक तेज गति व लापरवाही से आया और मौसमदीन को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया कि गंभीर हालत में मौसमदीन को शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है।