बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र के साइट-4 में स्पा की आड़ में जिस्मफरोशी का मामला
मोबाइल, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच तेज, फरार संचालकों की तलाश जारी
मोहम्मद बिलाल
ग्रेटर नोएडा। साइट-4 के स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के संगठित नेटवर्क की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों, दिल्ली, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र से युवतियों को ग्रेटर नोएडा लाया जाता था। पुलिस का मानना है कि नेटवर्क केवल ग्रेटर नोएडा तक सीमित नहीं, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों तक फैला हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई युवतियों ने बताया कि उन्हें स्पा सेंटरों में रखा जाता था। कुछ ने आरोप लगाया कि कई बार उन्हें कमरों में बंद रखा जाता था और ग्राहकों के आने पर उनसे मिलवाया जाता था। कुछ सीधे संचालकों के संपर्क में थीं, जबकि कुछ एजेंटों के जरिए लाई गई थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि कई महिलाएं किराये के मकानों में रह रही थीं। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्पा सेंटर बुलाया जाता था।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवतियों को ग्रेटर नोएडा तक कौन लाता था। पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन साइबर विशेषज्ञों को सौंप दिए हैं। इनमें मिले कॉल डिटेल, चैट आदि की जांच कराई जाएगी।
गिरफ्तार के लिए टीम गठित
स्पा सेंटरों में ग्राहकों का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाता था। बरामद रजिस्टर, डायरी और डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड के आधार पर पता लगाया जाएगा कि प्रतिदिन कितने ग्राहक आते थे और प्रति माह कितना कारोबार होता था। जांच के दौरान पुलिस स्पा सेंटरों के लाइसेंस, जीएसटी पंजीकरण, किरायानामा, कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन और संचालन से जुड़े सभी दस्तावेजों की भी जांच करेगी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें आगरा निवासी आजाद वैरागी, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट निवासी सौरभ, मुरादाबाद निवासी मयंक परवाल, नैनीताल निवासी प्रदीप सिंह रावत, बागपत के छपरौली निवासी संजीव लोहिया, छलैरा निवासी आशीष, तुगलपुर निवासी शिवम, मेरठ निवासी विकास कुमार, हापुड़ निवासी अंकित कुमार, अलीगढ़ निवासी सौरभ चौधरी, बुलंदशहर निवासी अभिषेक शर्मा, ईकोटेक-1 निवासी मन्नू, साकीपुर निवासी प्रशांत उपाध्याय, इटावा निवासी गुलशन और मुंबई निवासी नयन गौगरी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में रोज स्पा के संचालक सागर तिवारी, रिलेक्सर स्पा के संचालक अनूप शर्मा तथा नाटी हैवन स्पा की संचालिका सोनिया और लोकेश शर्मा समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना के बाद से आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर रखे हैं।
काउंसलिंग व पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू
पुलिस के अनुसार रेस्क्यू की गई महिलाओं में उत्तर प्रदेश के हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद और इटावा समेत कई जिलों की महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड के नैनीताल और महाराष्ट्र से भी महिलाओं को यहां लाया गया था। सभी महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की काउंसलिंग व पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मिशन मुक्ति फाउंडेशन और वन स्टॉप सेंटर की मदद से महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस उनके परिजनों से भी संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रही है।