ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में कार की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। ग्रेटर नोएडा के संगम विहार निवासी अजय सिंह ने बताया कि उनके जीजा गोविंद दास उनके साथ रहकर ई-रिक्शा चलाते थे। 18 जुलाई की शाम ई-रिक्शा लेकर वे न्यू हॉलैंड गोलचक्कर से सूरजपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल गोविंद दास का पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो