नोएडा। कोतवाली फेज वन क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के साथ कमरे में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। युवती ने आरोपी पर गला दबाने का प्रयास व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती ने पुलिस से शिकायत की है कि पिछले सप्ताह वह अपने कमरे में अकेली थी। इसी दौरान रंजीत नाम का युवक कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। बाद में वह अपने साथी नंद किशोर के घर में जाकर छिप गया।
पीड़िता का आरोप है कि नंद किशोर ने भी आरोपी का साथ दिया और उसके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। कोतवाली प्रभारी अमित मान ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। ब्यूरो