- प्रेम प्रसंग में परेशानी की चर्चा, पुलिस ने कहा- परिजनों ने नहीं दी कोई शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कस्बे में किराये के कमरे में रहने वाली 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। वह मूलरूप से मैनपुरी की रहने वाली थी और ग्रेटर नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। सूचना मिलने पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
जानकारी के मुताबिक युवती करीब एक माह पहले ही सूरजपुर कस्बे में किराये के कमरे में रहने आई थी। शुक्रवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को अपने गांव ले गए। बताया जा रहा है कि युवती निजी कंपनी में काम करती थी और वहां काम करने वाले एक युवक के संपर्क में थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है। किसी बात को लेकर युवती के परेशान होने की भी बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने प्रेम प्रसंग में विफलता को घटना की वजह मानने से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार जांच की जाएगी।