ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्धनगर के 319 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की करीब सात लाख रुपये की धनराशि भेजी गई। इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, सामान्य और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थी शामिल हैं। जहांगीरपुर स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शासन की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई और प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तर्ज पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा नौ और 10 के 75 विद्यार्थियों को 1.68 लाख रुपये तथा कक्षा 11 और 12 के 52 विद्यार्थियों को 1.68 लाख रुपये की छात्रवृत्ति भेजी गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के कक्षा नौ और 10 के 127 विद्यार्थियों के खातों में 1.77 लाख रुपये, सामान्य वर्ग के 41 विद्यार्थियों को 1.23 लाख रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 24 विद्यार्थियों को 72 हजार रुपये की छात्रवृत्ति भेजी गई।