सहमति संबंध में रह रहे युवक ने कर दी महिला की हत्या
- अवैध संबंधों के शक में गला दबाकर और पीटकर मार डाला, आरोपी हिरासत में
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सहमति संबंध में रहने वाले युवक (35) ने महिला (50) पार्टनर की गला दबाकर और पीटकर हत्या कर दी। सेक्टर-42 में अवैध संबंधों के शक में हुई हत्या के मामले में कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी पश्चिम बंगाल निवासी गौतम को हिरासत में ले लिया है।
कूड़ा बीनने वाला गौतम इटावा की रहने वाली विनीता के साथ सेक्टर-42 स्थित झुग्गी झोपड़ी में रहता था। कोविड काल में विनीता के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद विनीता गौतम के संपर्क में आई। बाद में उसी के साथ सहमति संबंध में रहने लगी। गौतम को शक था कि जब वह काम पर चला जाता है तो महिला अन्य युवकों को घर पर बुलाती है। इसी बात को लेकर बुधवार सुबह गौतम और विनीता में विवाद हुआ। मामूली विवाद में गौतम ने पहले विनीता का गला दबाया फिर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस जांच में पता चला है कि गौतम ने भी पहले एक महिला से शादी की थी। शराब तस्करी में जेल जाने के बाद महिला उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद वह विनीता के साथ रहने लगा था। विनीता के पहले पति से तीन बेटियां हैं। जिसमें एक की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि जिस समय आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और गला दबाया उस समय वह शराब के नशे में धुत था। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।