बीमारी का बहाना बनाकर नहीं मिलेगी चुनाव ड्यूटी से छुट्टी
-दो चिकित्सकों के पैनल की मेडिकल जांच के बाद रिपोर्ट पर प्रशासन लेगा फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। लोकसभा चुनाव में कर्मचारियों को अब बीमारी का बहाना बनाकर ड्यूटी से छुट्टी नहीं मिलेगी। पहले उनको दो चिकित्सकों के पैनल की मेडिकल जांच से गुजरना होगा। उनकी रिपोर्ट के बाद ही जिला प्रशासन फैसला लेगा। इसके लिए हर रोज चिकित्सकों की टीम विकास भवन में तैनात की गई है।
अब तक चुनाव के दौरान मतदान कराने से बचने के लिए कर्मचारी बीमारी बताकर अपनी चुनाव डयूटी कटवा लेते थे। जिसमें ऐसे कर्मचारियों की भी ड्यूटी कट जाती थी जो पूरी तरह से फिट होते थे। लोकसभा चुनाव में इस बार ऐसे लोगों के लिए विकास भवन में दो चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। जो कर्मचारी बीमारी बताकर छुट्टी के लिए प्रार्थना-पत्र दे रहे हैं उनकी जांच चिकित्सकों की टीम से कराई जा रही है। उनके आधार पर बीमारी की गंभीरता का आंकलन किया जाता है।
सोमवार को बीमारी बताकर छह कर्मचारियों ने चुनाव डयूटी से छुट्टी के लिए आवेदन किया था। उनमें से एक कर्मचारी के बीमार होने की पुष्टि नहीं हुई। इनमें से अन्य शिक्षिकाएं थीं। उनकी मेडिकल रिपोर्ट और उनकी हालत की जांच करने पर बीमार होने की पुष्टि के बाद रिपोर्ट दी गई।