-वासुदेव घाट पर दो और तीन नवंबर को होगा आयोजन
-आध्यात्मिक और वैज्ञानिक पहलुओं पर होगी गहन चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि वासुदेव घाट पर आयोजित होने जा रहा यमुनोत्सव दिव्य व भव्य होगा। यमुनोत्री और वृंदावन के संत यमुनोत्री से लाए जल से यमुना का जलाभिषेक करेंगे।
मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि अविरल, निर्मल यमुना दिल्ली सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए हर स्तर पर काम हो रहा है। छठ पर्व के दौरान पांच साल बाद पूर्वांचल के लोगों ने यमुना के तट पर छठ मइया की उपासना की। लोगों में गजब का उत्साह था। इसी कड़ी में अब यमुनोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय कार्यक्रम दिल्ली के लोगों का यमुना से जुड़ाव गहरा करेगा। दिल्ली सरकार के संस्कृति विभाग और यमुना संसद मिलकर दो और तीन नवंबर के इसका आयोजन करेंगे। यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी ने बताया कि पहले दिन यमुना के आध्यात्मिक पक्ष पर चर्चा होगी। इसमें देश में पहली बार यमुनोत्री के जल से यमुना का जलाभिषेक सुबह 9 बजे होगा। शाम को यमुना कथा और आरती होगी। दूसरे दिन यमुना कॉन्क्लेव में यमुना नदी के वैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा होगी। पांच सत्रों के इस कॉन्क्लेव में केंद्र व दिल्ली सरकार के मंत्री और देश भर में नदियों पर काम करने वाले जल वैज्ञानिक शामिल होंगे।