मथुरा। कार्तिक पूर्णिमा पर इस बार यमुना के घाटों पर अलौकिक दृश्य देखने को मिलेगा। सवा लाख दीपों से सजे घाट अपनी अद्भुत आभा से पूरे ब्रज को आलोकित करेंगे। इस महोत्सव का शुभारंभ आज शाम 5 बजे से शंख ध्वनि के साथ किया जाएगा। देव दिवाली महोत्सव समिति ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पिछले 18 वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में कृष्ण गंगा घाट से लेकर विश्राम घाट और यमुना पार के सभी प्राचीन घाटों तक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मुख्य आयोजन स्थल सती बुर्ज राजा घाट रहेगा। जहां ब्रज के पूज्य संत, धर्माचार्य और नगर के गणमान्य नागरिक दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। समिति के अध्यक्ष पंडित सोहन लाल शर्मा ने कहा कि शास्त्रों के अनुसार आषाढ़ पूर्णिमा से कार्तिक पूर्णिमा तक चातुर्मास में ब्रज में 33 करोड़ देवी-देवताओं का निवास रहता है। कार्तिक पूर्णिमा को सभी देवी-देवता मां यमुना से आशीर्वाद लेकर अपने लोक लौटते हैं। इसी पौराणिक मान्यता को साकार रूप देने के लिए यह देव दिवाली महोत्सव आयोजित किया जाता है। आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने कहा कि यमुना के सभी घाट दीपमालाओं से जगमगाएंगे। साथ ही आकर्षक लाइटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फूलों की रंगोली और नावों पर सजाई गईं झांकियां आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी। ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा निर्मित विशाल शिवलिंग इस बार का मुख्य आकर्षण रहेगा।
तैयारियों पर हुई बैठक
आयोजन को लेकर मंगलवार को बैठक हुई, जिसमें महोत्सव के पदेन संयोजक-सचिव सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, नगर निगम, पुलिस, ट्रैफिक, विद्युत, सिविल डिफेंस और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों ने आयोजन को वाराणसी और अयोध्या की तर्ज पर भव्य बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए।