एनएचएआई ने पूरा किया 8.25 किमी लंबी छह लेन की 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के कार्गो हब को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 8.25 किमी लंबी छह लेन की 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण एनएचएआई ने पूरा कर लिया है। इस सड़क पर करीब 289 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस सड़क से मालवाहन की आवाजाही सीधे कार्गो हब तक हो जाएगी। एयरपोर्ट की आपातकालीन निकास या वीवीआईपी मूवमेंट के लिए भी इस सड़क का उपयोग किया जाना है।
अधिकारियों का कहना है कि यह सड़क यमुना एक्सप्रेसवे से उत्तर-पूर्व दिशा से जोड़ती है। मुख्य सड़क की चौड़ाई कैरिज-वे के लिए 18 मीटर रखी गई है। बिटुमिन लेयर होने के बाद अब स्ट्रीटलाइट और रोड साइनेज जैसे काम भी पूरे कराए जा रहे हैं।
यीडा के जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी का कहना है कि माल वाहक वाहन बिना किसी रुकावट के कार्गो हब तक आसानी से आ-जा सकेंगे। यीडा की यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर 60 मीटर रोड से भी यह जुड़ी है।
निर्माण में देरी ने बढ़ाई लागत
यीडा को पूर्व में करीब 65 करोड़ रुपये में यह सड़क बनानी थी। लंबे समय तक लंबित रहने के बाद एनएचएआई को यह सड़क बनाने के लिए कहा गया। एनएचएआई ने पहले इसकी लागत 196 करोड़ रुपये प्रस्तावित की थी लेकिन जमीन मिलने में देरी के कारण इसके बजट में करीब 93 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई।
सड़क विस्तार पर खर्च होंगे 459 करोड़
यह सड़क फिलहाल मुढ़रह गांव में समाप्त हो रही है। भविष्य में इसे 8000 एकड़ के प्रस्तावित इंडस्ट्रियल नोड से भी जोड़ा जाना है। पहले इसे दो किमी और बढ़ाकर रन्हैरा मोड़ तक बनाया जाएगा। इसकी टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। इसके बाद इसे बंकापुर गांव तक पांच किमी लंबाई में एनएचएआई से ही बनवाया जाएगा। इस सात किमी लंबाई में सड़क निर्माण पर करीब 459 करोड़ रुपये और खर्च होंगे। प्राधिकरण ने इसके लिए जमीन की खरीद शुरू कर दी है।