ऑल इंडिया विवि रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने पर हुआ चयन
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। जिले की पहलवान अंजली यादव जल्द ही खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स में खेलती हुईं नजर आएंगी। प्रतियोगिता के लिए पहलवान का चयन ऑल इंडिया विश्वविद्यालय रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने के पर आधार हुआ है।
14 से 17 जनवरी तक पंजाब के भटिंडा स्थित गुरु काशी विश्वविद्यालय में ऑल इंडिया विश्वविद्यालय रेसलिंग चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध नगर की पहलवान अंजली ने 55 किग्रा भार में पांचवा स्थान प्राप्त किया। अंजली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शुरुआती पांच मुकाबलों में विपक्षी पहलवान को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लेकिन, सेमीफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। कोच रवि पहलवान ने बताया कि खेलो इंडिया गेम्स के लिए देश भर से आठ पहलवानों का चयन हुआ है। उसमें अंजली भी शामिल है। वह दादरी के धूम मानिकपुर स्थित नोएडा कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन कुश्ती अकादमी (एनसीपीई) में पहलवानी के गुर सीखती हैं। पहलवान का कहना है कि खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स में खेलने का हर पहलवान का सपना होता है। इसमें क्वालीफाई होने पर मुझे काफी खुशी हो रही है। यह मेरे माता-पिता व कोच के सहयोग से संभव हुआ है। एनसीपीई के अध्यक्ष डॉ. सुशील राजपूत, डॉ. आशुतोष राय, जिला कुश्ती संघ के सचिव चतर सिंह, रंजीत पहलवान, सतपाल यादव ने पहलवान को बधाई दी।