परिवार नियोजन पर महिलाओं का बढ़ता भरोसा
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार छाया इंजेक्शन के 8010 डोज दिए गए
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर क्षेत्र में परिवार नियोजन और मातृ स्वास्थ्य को लेकर महिलाओं में जागरूकता दिखाई दे रही है। सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़े भरोसे के चलते महिलाएं अब अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों का उपयोग कर रही हैं।
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार जेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कई महिलाओं ने परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ लिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में महिलाओं को अंतरा इंजेक्शन के 737 डोज लगाए गए, जबकि छाया इंजेक्शन के 8010 डोज दिए गए। इसके अलावा 8136 महिलाओं को ओरल पिल्स की गोलियां वितरित की गईं। आंकड़ों को स्वास्थ्य विभाग परिवार नियोजन कार्यक्रम के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत मान रहा है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। गांव-गांव जाकर महिलाओं को छोटे परिवार के फायदे, सुरक्षित मातृत्व और गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसका असर अब ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है।
चिकित्सकों ने बताया कि अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों का उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित माना जाता है। इससे मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पहले की तुलना में अब महिलाएं परिवार नियोजन के प्रति अधिक जागरूक हुई हैं और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा जता रही हैं। स्वास्थ्य विभाग का यह भी मानना है कि परिवार नियोजन की जिम्मेदारी अब भी अधिकतर महिलाओं पर ही दिखाई देती है। पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
वर्जन
पुरुषों के मुकाबले महिलाएं ज्यादा जागरूक हैं। इसलिए परिवार नियोजन को लेकर आगे आ रहीं हैं और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठा रही हैं। -डॉ. सर्फे जेया, चिकित्सा अधीक्षक, जेवर