कछला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्टॉफ नर्स के खिलाफ प्रदर्शन करती महिलाएं।
बदायूं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कछला में तैनात एक स्टाफ नर्स के व्यवहार से नाराज नगर की महिलाओं ने सोमवार को अस्पताल परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्टाफ नर्स सुषमा प्रसव के दौरान मरीजों के परिजनों से एक हजार से पांच हजार रुपये तक की अवैध वसूली करती है और गर्भवती महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार भी करती हैं।
नई बस्ती की मीना, सीमा चौहान, गिरिजा देवी, प्रयाग श्री, ज्ञान सिंह, रामवेटी, चंचल, शकुंतला, किशनवती, ललिता, राजवती सहित दर्जनों महिलाएं हाथों में नर्स को बर्खास्त करो और हाय-हाय लिखी तख्तियां लिए हुए अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने अपना ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबोधित करते हुए एमओआईसी महेश प्रताप को सौंपा। ज्ञापन में स्टाफ नर्स पर भ्रष्टाचार और मरीजों से अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करने की मांग की गई है।
पीड़ित महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे 1 दिसंबर को पुनः अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन करेंगी। अस्पताल में लगाए गए आरोपों और विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।