ब्यूटी पार्लरों में 499 से 5000 रुपये तक के पैकेज, बाजारों में भी बढ़ी रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। करवा चौथ पर सजने-संवरने के लिए महिलाएं कपड़ों और गहनों की खरीदारी कर रही हैं। साथ ही ब्यूटी पार्लरों में सेवाओं के लिए बुकिंग भी करा रही हैं। पार्लर संचालिकाओं ने कम बजट से लेकर महंगे पैकेज तैयार किए हैं। इनमें फेशियल, ब्लीच, वैक्सिंग, थ्रेडिंग और हेयर ट्रीटमेंट जैसी सेवाएं शामिल हैं। सेक्टर-22, सेक्टर-53 और सेक्टर-18 समेत शहर के विभिन्न पार्लरों में 499 से 5000 रुपये तक के पैकेज उपलब्ध हैं।
ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा गुप्ता ने बताया कि उनके पास बुकिंग आने लगी हैं। इस बार महिलाओं के लिए अलग-अलग बजट में कई पैकेज तैयार किए गए हैं। बजट वाले पैकेज में ब्लीच, फेशियल, वैक्सिंग और थ्रेडिंग की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा हेयर और फेशियल के अलग-अलग पैकेज भी हैं। महिलाओं के लिए 10 चरणों वाला कोरियन स्पा पैकेज भी तैयार किया गया है।
प्राची गुप्ता ने बताया कि उन्हें अब तक 13 से 14 अग्रिम बुकिंग मिल चुकी हैं। वह करवाचौथ के दिन पार्लर बंद रखती हैं, क्योंकि वह खुद भी व्रत रखती हैं। उनके लिए भी यह त्योहार दूसरी महिलाओं की तरह खास है।
बाजार में बढ़ी भीड़
करवा चौथ की तैयारियों के बीच बाजारों में भी खरीदारी बढ़ गई है। सेक्टर-18 की अट्टा मार्केट, सेक्टर-27 की इंदिरा मार्केट, सेक्टर-110 की भंगेल मार्केट और सेक्टर-62 के बाजारों में महिलाएं खरीदारी के लिए पहुंच रही हैं। कपड़ों, चूड़ियों, आभूषणों और शृंगार के सामान की मांग बढ़ी है। महिलाएं मेहंदी लगवाने और पार्लर की सेवाएं लेने की तैयारी भी कर रही हैं।