- खुले में बालू और रेत लेकर चलने वाले भारी व मध्यम मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध, ट्रैफिक सिग्नल पर इंजन बंद करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत गौतमबुद्ध नगर में भी यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। यातायात पुलिस उपायुक्त कार्यालय की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जिले में बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा 10 साल से पुराने डीजल और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहन भी सड़कों पर नहीं चल सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की ओर से जारी निर्देशों में खुले में बालू, रेत और अन्य निर्माण सामग्री लेकर चलने वाले भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के आवागमन पर भी पूरी तरह रोक लगाई गई है। वहीं, सभी वाहन चालकों को अपने वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) अपडेट रखने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र अनिवार्य रहेगा।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वाहन चालकों से यातायात सिग्नल पर रुकने के दौरान इंजन बंद रखने और यातायात की दृष्टि से भीड़भाड़ वाले मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। साथ ही सार्वजनिक मार्गों पर वाहन खड़े करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। पुलिस ने लोगों से जरूरी होने पर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील भी की है।