- यमुना सिटी में कंपनी के अधिकारियों ने पार्क का दौरा कर इंफ्रास्ट्रक्चर देखा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी के मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश करने के लिए बड़ी कंपनियों ने रुख किया है। हेल्थकेयर में एशिया की बड़ी कंपनी विप्रो जीई अपनी उत्पादन इकाई स्थापित करने की तैयारी में है। बुधवार को कंपनी के अधिकारियों की टीम ने मेडिकल डिवाइस पार्क का दौरा किया। यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी के अधिकारी यहां मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर से खुश दिखे हैं। ऐसे में संभावना है कि कंपनी जल्द इकाई स्थापित कर सकती है।
बुधवार को विप्रो-जीई कंपनी के अधिकारियों के साथ यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने टीम को पार्क के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल डिवाइस पार्क में मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर और नजदीक ही नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कार्गो समेत अन्य उद्योगों के आने की संभावना है। ऐसे में यहां लगने वाली इकाइयों को लॉजिस्टिक्स और निर्यात में सुविधा मिलेगी।
भारतीय कंपनी विप्रो और अमेरिका की जीई कंपनी का ज्वाइंट वेंचर 1990 से भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल और भूटान में स्थापित है। कंपनी यमुना सिटी के सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में करीब 12 एकड़ जमीन ले सकती है। यमुना प्राधिकरण सेक्टर-28 में केंद्र सरकार के सहयोग से 350 एकड़ में उत्तर भारत का पहला मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित कर रहा है। इस पार्क में अब तक 101 कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें से एक कंपनी ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है, जबकि कई अन्य कंपनियां निर्माण कार्य में जुटी हैं। मेडिकल डिवाइस पार्क में प्रशासनिक भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर समेत जरूरी आधारभूत ढांचा पहले ही विकसित किया जा चुका है।
देशभर में दौरा कर कंपनियों को कर रहे आकर्षित
यमुना प्राधिकरण इस पार्क में बड़ी एंकर कंपनियां लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने पिछले कुछ समय में देश के कई प्रमुख शहरों में मौजूद बड़ी कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। अब इन प्रयासों से मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए बड़ी कंपनियां अपनी इकाइयां लगाने के लिए सामने आ रही हैं।
विप्रो-जीई हेल्थकेयर कंपनी के प्रतिनिधियों ने मेडिकल डिवाइस पार्क का दौरा कर इसका इंफ्रास्ट्रक्चर देखा। कंपनी के प्रतिनिधियों ने यहां निवेश के लिए सकारात्मक रुख दिखाया है। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है, तो मेडिकल डिवाइस पार्क के विकास को नई गति मिलेगी। - आरके सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना प्राधिकरण