प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर आयोजित काशी सांसद फोटोग्राफी, स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का समापन बुधवार को सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। इस मौके पर कला और प्रतिभा का अनोखा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दाैरान सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए। वहीं, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को भी प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
मंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ हिस्सा लिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन निश्चित ही प्रतिभाओं को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मददगार साबित होंगे और काशी का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन करेंगे। ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं और बच्चों में आत्मविश्वास व ऊर्जा का संचार करती हैं और आगे चलकर काशी के समग्र विकास में योगदान देंगी। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने भी प्रतियोगिता को सराहनीय पहल बताया। स्वागत भाषण जिला विद्यालय निरीक्षक सह प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने किया। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और सीडीओ हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया। निर्णायक मंडल में सुनील विश्वकर्मा, हीरालाल प्रजापति और मनीष खत्री ने प्रथम दिवस से ही निर्णायक की भूमिका निभाई।