मिस्टर एंड मिस इंडिया डायमंड कप के विजेता घोषित
बॉडी बिल्डिंग व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट में आयोजित मिस्टर एंड मिस इंडिया डायमंड कप बॉडी बिल्डिंग, फिटनेस व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का समापन हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन एसडीआरके मानवाधिकार फाउंडेशन की ओर से किया गया, जिसमें कई राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जूनियर व सीनियर बॉडीबिल्डिंग, क्लासिक बॉडीबिल्डिंग, मेन्स फिजीक और पावरलिफ्टिंग श्रेणियों में मुकाबले हुए। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफियां अपने नाम कीं। इस दौरान प्रतियोगिता में नितेश (65–70 किग्रा) ने बॉडीबिल्डिंग वर्ग में ट्रॉफी जीती। सुमित (90+ किग्रा) ने सीनियर बॉडीबिल्डिंग श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। आदेश (65–70 किग्रा क्लासिक बॉडीबिल्डिंग) और विनोद कुमार (60–65 किग्रा) ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज की। वहीं हुरदयाल (50–55 किग्रा सीनियर बॉडीबिल्डिंग), सोनू यादव (75–80 किग्रा सीनियर क्लासिक) और देव (70–75 किग्रा सीनियर बॉडीबिल्डिंग) ने भी ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा नदीम (65–70 किग्रा), यश भाटी (70–75 किग्रा) और अभिषेक त्यागी (65–70 किग्रा सीनियर क्लासिक) ने भी अपने वर्ग में जीत दर्ज कर ट्रॉफी हासिल की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कैप्टन विकास गुप्ता और गौतमबुद्ध नगर कुश्ती संघ के अध्यक्ष सतपाल यादव, डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एन.पी. सिंह, सत्या यादव, देव गुर्जर, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष जगदीश यादव, गिरीश मिश्रा सहित कई लोग मौजूद रहे। साथ ही प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अमित भोला, अभिषेक वर्मा, पावरलिफ्टिंग जज दीपक प्रजापति और ज्योति शामिल रहे। विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।