माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ग्रेटर नोएडा। धनतेरस पर बृहस्पतिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बाजारों में खरीदारी की रौनक छाने की उम्मीद है। सोना-चांदी, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट सेक्टर तक में अच्छी बिक्री का अनुमान है। कारोबारियों को दोनों शहरों में करीब एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में ही 1200 से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बिक्री का अनुमान है। वहीं, रियल एस्टेट कारोबारियों को एक हजार से अधिक फ्लैटों की बिक्री की उम्मीद है।
धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन, भगवान की मूर्तियां और झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। इसी मान्यता के चलते लोग शुभ मुहूर्त में खरीदारी की तैयारी कर रहे हैं। बाजारों और शोरूम में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए व्यापारियों ने विशेष ऑफर और उपहारों की व्यवस्था की है। बिल्डरों ने भी खरीदारों को आकर्षित करने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की हैं।
नोएडा में सेक्टर-18 का अट्टा मार्केट, सेक्टर-27 की इंदिरा मार्केट और ग्रेटर नोएडा में जगत फार्म, एच्छर मार्केट, तुगलपुर और रामपुर बाजार में सबसे अधिक भीड़ रहने की उम्मीद है। ग्रेनो वेस्ट के बाजारों और मॉल में भी खरीदारों की आवाजाही बढ़ेगी।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में 1200 से अधिक वाहन बिकने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री मनोज गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। अनुमान है कि 600 से 700 दोपहिया और 400 से 500 चारपहिया वाहन बिकेंगे। कई शोरूम में पहले से ही 15 से 20 चारपहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर ग्रेटर नोएडा के बाजार में करीब एक हजार करोड़ रुपये तक के कारोबार की उम्मीद है।
सोने-चांदी और बर्तनों की दुकानों पर रहेगी रौनक
धनतेरस पर जूलरी और बर्तन बाजार में भी ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। लोग सोने-चांदी के सिक्के, आभूषण, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और घरेलू उपयोग के बर्तन खरीदेंगे। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उपहार और विशेष ऑफर तैयार किए हैं।
रियल एस्टेट में भी खरीदारी की उम्मीद
धनतेरस पर रियल एस्टेट सेक्टर में भी रौनक रहने का अनुमान है। बिल्डरों ने फ्लैटों की बुकिंग बढ़ाने के लिए विशेष ऑफर तैयार किए हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक हजार से अधिक फ्लैटों की बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है। बिल्डर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग उपहार और सुविधाएं भी दे रहे हैं।
बाजारों में उमड़े खरीदार, अट्टा से इंदिरा मार्केट तक लगा जाम
- कालिंदी कुंज और मॉडल टाउन पर दिनभर रेंगते रहे वाहन
नोएडा। धनतेरस से पहले ही बृहस्पतिवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बर्तन, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावटी सामान की दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे। शाम होते-होते बाजारों में भीड़ और बढ़ गई। इसका असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। कई प्रमुख बाजारों के आसपास सड़कें वाहनों से भर गईं और लोगों को जाम से जूझना पड़ा।
सेक्टर-18 के अट्टा मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में खरीदारों की आवाजाही बढ़ने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही। सेक्टर-27 की इंदिरा मार्केट में बर्तन और घरेलू सामान खरीदने पहुंचे लोगों के कारण आसपास की सड़कों पर भीड़ रही। सेक्टर-12 और 22 के बाजारों में भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे।
सेक्टर-62 और सेक्टर-50 के बाजारों में शाम के समय ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा सेक्टर-41, 45 और भंगेल बाजार में भी भीड़ रही। कई जगह दुकानों के बाहर और सड़क किनारे वाहन खड़े होने से रास्ते संकरे हो गए। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को निकलने में परेशानी हुई। बाजारों के आसपास पार्किंग की जगह कम पड़ने से भी जाम की समस्या बढ़ी।
कालिंदी कुंज और मॉडल टाउन में दिनभर जाम
कालिंदी कुंज से फरीदाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। बृहस्पतिवार को यहां दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं, सेक्टर-62 स्थित मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन तक का रास्ता पार करने में लोगों को करीब आधे घंटे तक का समय लगा।
सेक्टर-75 स्थित स्पेक्ट्रम मॉल और सेक्टर-50 सेंट्रल मार्केट के सामने भी वाहनों का दबाव रहा। सेक्टर-51 और 52 मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे खड़े ऑटो और टेंपो के कारण भी जाम लगा। इससे मेट्रो स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हुई।