नोएडा में मजदूरी कर रहे चुन्नू पासवान की उसकी पत्नी ने बेलन से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने चुन्नू पासवान की पत्नी गुड़िया को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने जांच शुरू की तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि चुन्नू की मौत बेलन से पीटकर और गला दबाकर की गई थी। पुलिस के मुताबिक, 25 जून को चुन्नू पासवान नशे की हालात में घर पहुंचा तो उसका पत्नी से झगड़ा हुआ, जिसके बाद पत्नी ने गुस्से में आकर उसके हाथ बांध दिए और पहले उसकी बेलन से पिटाई की और फिर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम के बाद गुड़िया ने शव को घर के बाहर छोड़ दिया।
26 जून को उसका शव मिला, इसके बाद नोएडा सेक्टर 20 की पुलिस ने मामले की छानबीन की। चुन्नू पासवान के भतीजे के बयान के आधार पर केस दर्ज हुआ और मामले की जांच की गई।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस रणविजय सिंह ने कहा कि मृतक चुन्नू पासवान के गले पर निशान था, जिसके कारण पुलिस को शक हुआ कि उसकी हत्या हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ नोएडा सेक्टर 8 में रहता था, रोज शराब पीता था और पत्नी से मारपीट भी करता था।