फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘जिसे खुले में नमाज पढ़नी है वह पाकिस्तान चला जाए’

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम। सेक्टर 12 ए चौक पर खुले में जुमे की नमाज अदा करने की जगह शुक्रवार को हिंदू संगठनों ने गोवर्धन पूजा की। हालांकि किसी तरह का विवाद न हो इसके लिए मुस्लिम समाज ने पहले ही अन्य जगहों पर नमाज अदा करने की घोषणा कर दी थी। इससे किसी तरह का टकराव नहीं हुआ। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। 22 हिंदू संगठनों ने गोवर्धन पूजा कर देश में सभी जगह खुले में नमाज रोकने का एलान किया। गोवर्धन पूजा में पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने चेतावनी दी कि जिसको खुले में नमाज पढ़नी है वो पाकिस्तान चले जाएं।
विज्ञापन

हिंदू संगठन खुले में नमाज पढ़ने का लंबे समय से विरोध कर रहे थे और प्रशासन से मिलकर शुक्रवार को सेक्टर 12 के चौक पर नमाज अदा नहीं करने देने और वहां गोवर्धन पूजा करने की घोषणा की थी। इससे दोनों पक्षों में टकराव की आशंका थी। डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि गुरुग्राम के साथ अब पूरे देश में कहीं भी खुले में नमाज अदा नहीं करने देंगे। ये गुरुग्राम का विजय पर्व है और पूरे देश का संकल्प दिवस हैं। अब पूरे देश में खुले में नमाज प्रतिबंध के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी धर्मों का सम्मान करेंगे, लेकिन उतना ही जितना कोई हमारे धर्म का करेगा।
धर्म के नाम पर सड़कें जाम नहीं करने देंगे : कपिल मिश्रा
दिल्ली से भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि धर्म के नाम पर सड़कें जाम नहीं होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी धर्म का आयोजन हो। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग में सड़कों पर जो हुआ वो सबने देखा। उन्होंने मुस्लिम समाज को सलाह देते हुए कहा वक्फ बोर्ड की जगह पर नमाज करिए, कोई नहीं रोकेगा। गुरुग्राम में नमाज के विरोध ने पूरे देश में एक ट्रेंड बनाया है, पूरा देश इससे पीड़ित है। 22 हिंदू संगठनों की संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति ने तय कार्यक्रम अनुसार पहले गोवर्धन पूजा की और बाद में अन्न्कूट का प्रसाद बांटा। कार्यक्रम में पिछले सप्ताह खुले में नमाज का विरोध करने वालों को संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति ने पटका और माल्यार्पण कर अभिनन्दन किया। लोगों ने पूजा अर्चना कर जय श्री राम का उद्घोष किया। कार्यक्रम में संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के प्रदेश प्रवक्ता राजीव मित्तल, अनुराग कुलश्रेष्ठ, जिला बार संघ के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता कुलभूषण भारद्वाज, समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रहम प्रकाश कौशिक, समिति के मुख्य संरक्षक नत्थू सिंह सरपंच आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

उद्योग विहार में नमाज पर फिर विवाद
गुरुग्राम। खुले में नमाज को लेकर आम सहमति की राह पर बढ़ रहे हिंदू-मुस्लिम संगठनों के बीच विवाद सुलझता नहीं दिख रहा। शुक्रवार को उद्योग विहार में हिंदू संगठनों की ओर से फिर खुले में नमाज का विरोध किया गया। इससे काफी देर तक दोनों समुदायों के बीच तनातनी का माहौल रहा। बाद में पुलिस व प्रशासन ने दोनों पक्षों से बातचीत की और आपसी सहमति से वहां नमाज नहीं पढ़ी गई।
दिवाली की पूर्व संध्या पर उपायुक्त डॉ . यश गर्ग और नमाज पढ़ाने वाले इमामों के बीच 37 की बजाय 20 स्थानों पर नमाज पढ़ने का फैसला हुआ था। बैठक में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक (यूथ विंग) खुर्शीद राजाका व मुस्लिम एकता मंच के शहजाद खान भी मौजूद थे। खुर्शीद रजाका ने बताया कि डीएलएफ फेस 1 मार्बल मार्केट सिकंदरपुर, उल्लावास 200 फुट रोड सेक्टर 50, स्मृति वाटिका नियर अंसल कम्युनिटी मोड, नगर निगम ऑफिस सेक्टर 34, देवी लाल स्टेडियम सेक्टर 32 के नजदीक, हुड्डा पार्किंग, नजदीक पुलिस थाना सेक्टर 29, लेजर वैली ग्राउंड पार्किंग, इफको टावर पार्किंग, प्लॉट नंबर चार मीनारच टावर सेक्टर 44, सेक्टर 4/7/9 चौक फिरोज गांधी कॉलोनी, शंकर चौक के पास पीपल वाला चौक, असेंबली पार्क ईएसपीआई उद्योग विहार फेज -4, एचएसआईआईडीसी पार्क फेज 4, मारुति रोड शनि मंदिर सरहौल मोड, पुलिस स्टेशन सेक्टर 37, ताऊ देवी लाल पार्क पालम विहार, रामगढ़ रोड गुर्जर चौक सेक्टर 65, यूनिवर्सल बिजनेस पार्क वाटिका चौक, ओरियंट क्राफ्ट कंपनी सेक्टर 37, रॉकलैंड हॉस्पिटल सेक्टर 5 आईएमटी मानेसर में नमाज पढ़ी जा सकेगी।
मुस्लिमों से नहीं ली अनुदान राशि
सेक्टर 12 ए चौक पर हिंदू संगठनों की ओर से नमाज वाले स्थान पर गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि जब अनुदान राशि देने पहुंचे तो संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अस्वीकार कर दी। मुस्लिम एकता मंच के शहजाद खान ने बताया कि हिंदू संगठनों के गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में सहयोग का उनकी ओर से आश्वासन दिया गया गया था। हमने 5100 रुपएभेंट की भी बात कही थी, लेकिन इसे अस्वीकार कर दिया गया है। इस पर समिति के प्रदेशाध्यक्ष महावीर भारद्वाज ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोग देरी से पहुंचे, तब तक खर्च राशि पूरी हो चुकी थी, इसलिए उनकी राशि नहीं ली गई। मुस्लिम भाई कार्टरपुरी की गोशाला में यह राशि दे सकते हैं। वहीं, कुलभूषण भारद्वाज ने कहा कि करीब साढ़े तीन बजे उनके पास फोन आया था। चूंकि कार्यक्रम खत्म हो गया था, इसलिए मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से राशि लेने का कोई औचित्य नहीं था। उन्हें प्रसाद के लिए आमंत्रित किया गया, लेकिन उन्होंने ग्रहण नहीं किया।
दिवाली की पूर्व संध्या पर इमामों और उपायुक्त के बीच 37 की बजाय 20 स्थानों पर नमाज पढ़ने का फैसला हुआ है। इस बैठक में मैं खुद भी शामिल था। मुस्लिम एकता मंच के शहजाद खान की मौजूदगी में सभी इमामों ने सहमति जताकर प्रशासन का आभार व्यक्त किया और की अमन व शांति बनाए रखने के लिए भरोसा दिलाया है।
खुर्शीद राजाका, राष्ट्रीय संयोजक (यूथ विंग) मुस्लिम राष्ट्रीय मंच
मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने सामाजिक सौहार्द बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उसका स्वागत है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संयोजक खुर्शीद राजाका ने स्वीकार किया कि कहीं भी बिना अनुमति के नमाज पढ़ना गलत है। जगह की कमी कैसे दूर हो, इस बारे में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। विवाद का समाधान दोस्ताना माहौल में बैठकर करेंगे।
महावीर भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष, हिंदू संघर्ष समिति
सहमति के बाद भी क्यों हो रहा है विरोध
गोवर्धन पूजा को लेकर हमने हिंदू संगठनों के साथ आपसी सहमति बना ली थी। इसके तहत सेक्टर 12 ए और सेक्टर 47 में गोवर्धन पूजन का फैसला हुआ था। दूसरे किसी स्थान पर किसी तरह की कोई सहमति नहीं थी, बावजूद इसके सेक्टर 18, उद्योग विहार में नमाज का विरोध किया गया है, जो गलत है।
शहजाद खान, अध्यक्ष, मुस्लिम एकता मंच
बंद मस्जिदें खुलवाने में सहयोग करे हिंदू संगठन
गुरुग्राम। मुस्लिम एकता मंच ने खुले में नमाज के विवाद को सुलझाने के लिए बंद मस्जिदें खोलने का अनुरोध किया है। मंच की ओर से एक विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि इसमें हिंदू संगठनों को सहयोग करना चाहिए। मस्जिदें खुलने के बाद स्वत: ही खुले में नमाज का विवाद बंद हो जाएगा। मंच के अध्यक्ष शहजाद खान ने कहा कि शहर में 19 स्थानों पर वक्फ बोर्ड की जमीन पर मस्जिदें बंद पड़ी हैं। उन्हें खुलवाकर मुस्लिम समाज को सौंप दिया जाए तो खुले में नमाज का विवाद ही नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पहले से 15 स्थानों को नमाज के लिए प्रतिबंधित किया हुआ है। जो प्वाइंट नमाज के लिए बताए जा रहे हैं, वो तो पहले से ही हैं। दो दिन पहले इमामों के साथ हुई बैठक में उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने20 स्थानों पर नमाज पढ़ते रहने की सहमति बनाई है। हिंदू संगठन सही मायने में खुले में नमाज का विवाद सुलझाना चाहते हैं, तो उन्हें बंद मस्जिदें खुलवाने में पूरी मदद करनी होगी। उन्होंने कहा, गोवर्धन पूजा के चलते मुस्लिम समुदाय ने सेक्टर 12 ए में इसी सप्ताह जुम्मे की नमाज नहीं करने का फैसला किया था, लेकिन तीन स्थानों पर जुम्मे की नमाज नहीं हुई। इनमें सेक्टर 12ए, सेक्टर 47 और सेक्टर 18 शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें