जांच के लिए पहुंचीं टीमें तो फ्रिज में मिला लार्वा
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से हर घर दस्तक अभियान शुरू किया
फ्रिज की ट्रे की सफाई नहीं करने से पनप रहा डेंगू का मच्छर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में डेंगू के मच्छर को पनपने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से हर घर दस्तक अभियान शुरू किया। जांच के लिए टीमें पहुंचीं तो फ्रिज के अंदर पानी भरा रहने की वजह से मच्छर का लार्वा मिल रहा है। इसके अलावा घरों में रखे गमले भी मच्छरों के लिए मुफीद साबित हो रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि 650 आशा बहू और निजी एजेंसी की मदद से अभियान की शुरुआत की गई है। जिले में ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों में खासतौर पर फोकस है। सोमवार को टीमें भट्टा पारसौल, दुजाना, बिस्नूली और जेवर में पहुंची और घरों में लार्वा की जांच की। यहां के घरों में पुरानी तकनीक के फ्रिज अब भी उपयोग होते हैं। ऐसे में फ्रिज की ट्रे में पानी भरा रहता है। इसको आमतौर पर लोग नहीं निकालते। इसमें लार्वा के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि नियमित रूप से ट्रे को खाली करते रहें।
डेंगू से दिवाली तक ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है। उसके बाद तापमान गिरने पर मच्छरों के लिए अनुकूल समय नहीं रहता है। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। बच्चों को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजें। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है और यह साफ पानी में पनपता है। घर में किसी डिब्बे, टायर या फिर अन्य बर्तन में पानी न भरा रहने दें।
-
अगर बुखार, खांसी तो जरूर बताएं
डॉ. वर्मा का कहना है कि दस्तक अभियान में स्वास्थ्य कार्यकर्ता को बीमारी की जानकारी जरूर दें। अगर आपको या परिवार के किसी सदस्य को बुखार, दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी या जुकाम है। इसकी जानकारी छिपाएं नहीं। मच्छर प्रजनन वाले स्थान जैसे कूलर, फ्रिज की ट्रे, गमले की ट्रे, चिड़िया, कुत्तों को पानी पिलाने वाले पात्र को खाली करते रहें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी इसके लिए जागरूक कर रही हैं।